झुंझुनूं में दिनदहाड़े लूटपाट: व्यापारी को पीटा, नकद और सोने की चैन लूटकर फरार

Edited By Anil Jangid, Updated: 18 May, 2026 05:32 PM

daylight robbery in jhunjhunu trader beaten cash and gold chain stolen

झुंझुनूं: झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े दबंगों द्वारा लूटपाट और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी हिमांशु पुत्र अनिल कुमार जाट ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी जीतू राजपूत और विकास नामक युवक उधार...

झुंझुनूं: झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े दबंगों द्वारा लूटपाट और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी हिमांशु पुत्र अनिल कुमार जाट ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी जीतू राजपूत और विकास नामक युवक उधार में सामान लेने आए। हिमांशु ने बताया कि पुराने उधार का भुगतान करने के बाद ही सामान देने की बात कही, जिससे दोनों युवक नाराज होकर चले गए।

 

कुछ देर बाद ये युवक अपने अन्य साथियों के साथ लौटे और हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार व मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दुकान में घुस गए। आरोप है कि जीतू राजपूत, अमित राजपूत और विकास सहित अन्य युवकों ने दुकान में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और हिमांशु को बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि उन्हें गाड़ी से कुचलकर मार देंगे।

 

मारपीट के दौरान आरोपियों ने दुकान से लगभग 20 हजार रुपये नकद निकाल लिए और हिमांशु के गले से सोने की चैन तोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, और वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

घटना के तुरंत बाद हिमांशु ने सूरजगढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज को सबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की संभावना है।

 

यह वारदात दो-तीन दिन पुरानी है, लेकिन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। दिनदहाड़े बाजार में हुई इस हिंसक लूट और मारपीट ने व्यापारियों में चिंता और रोष का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग और व्यापारी प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

 

घटना ने यह दिखा दिया है कि झुंझुनूं में कुछ अपराधी पुलिस के डर को चुनौती देते हुए खुलेआम अपराध कर रहे हैं। पुलिस की ओर से कहा गया है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी जल्द ही कानून के शिकंजे में होंगे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!