Edited By Ishika Jain, Updated: 03 Jun, 2026 06:39 PM

दौसा जिले में पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बुधवार को अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में गंभीर और लंबित मामलों के निस्तारण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला...
दौसा जिले में पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बुधवार को अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में गंभीर और लंबित मामलों के निस्तारण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खनन और अवैध हथियारों के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर चर्चा की गई।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और आदतन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समाधान करने पर भी जोर दिया।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि यातायात नियमों की प्रभावी पालना कराई जाए और सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाई जाए।
साइबर अपराधों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। एसपी ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल धोखाधड़ी जैसे मामलों की रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है, ताकि लोग ठगी के नए तरीकों से सतर्क रह सकें।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए पुलिस अधीक्षक ने महिला हेल्पलाइन सेवाओं, सुरक्षा योजनाओं और जनजागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, अफवाहों की रोकथाम और पुलिस की सकारात्मक गतिविधियों को डिजिटल माध्यमों के जरिए जनता तक पहुंचाने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।