दौसा में स्मैक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो मामलों में 2 तस्कर गिरफ्तार

Edited By Ishika Jain, Updated: 23 Jul, 2026 06:15 PM

dausa smack seizure two drug peddlers arrested

दौसा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 15.57 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मेहंदीपुर बालाजी और कोतवाली थाना पुलिस एनडीपीएस एक्ट के तहत सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।

दौसा जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 15.57 ग्राम स्मैक बरामद की है। मेहंदीपुर बालाजी और कोतवाली थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अब दोनों मामलों में मादक पदार्थों की सप्लाई चेन की जांच कर रही है।

मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में 13.05 ग्राम स्मैक बरामद

मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम बंजारा ढाणी स्थित सरकारी स्कूल के पास पहुंची, जहां संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उदयपुरा की बंजारा ढाणी निवासी 33 वर्षीय सीताराम गोस्वामी को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13.05 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वह स्मैक कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

कोतवाली थाना पुलिस ने 2.52 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी पकड़ा

दूसरी कार्रवाई दौसा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। थाना प्रभारी भगवान सहाय ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम श्मशान घाट स्थित श्यालू की बावड़ी के पास पहुंची। इस दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी लेने पर उसके पास से 2.52 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किलासागर मोहल्ला निवासी आसीफ खान (28) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह स्मैक बेचने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

45 दिन में 10 आरोपी गिरफ्तार

मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस के अनुसार, पिछले 45 दिनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!