Edited By Ishika Jain, Updated: 14 Jul, 2026 04:24 PM

दौसा में एसपी पीयूष दीक्षित ने चार दिन में दूसरी बार थाना प्रभारियों के तबादले किए। कई थानों को नए SHO मिले, मानपुर में सतीश कुमार की दोबारा नियुक्ति हुई।
दौसा जिले में पुलिस विभाग में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने चार दिन के भीतर दूसरी बार पुलिस निरीक्षकों के तबादले और नई पदस्थापन सूची जारी की है। इस बदलाव के तहत जिले के कई थानों को नए थाना प्रभारी मिले हैं, जबकि कुछ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।
सोमवार शाम जारी आदेश के अनुसार युधिष्ठिर गुर्जर को सदर दौसा थाना प्रभारी बनाया गया है। श्रीकिशन को बालाहेड़ी, सतीश कुमार को मानपुर, जगदीश प्रसाद को मंडावर और विजेंद्र सिंह को लवाण थाना सौंपा गया है। इसके अलावा जनमेजाराम को साइबर थाना, उदयचंद को मानव तस्करी विरोधी इकाई (एएचटीयू) का प्रभारी तथा मोहनलाल को एसपी कार्यालय में अपराध सहायक की जिम्मेदारी दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 10 जुलाई को भी पुलिस अधीक्षक ने 11 थाना प्रभारियों की नई नियुक्तियां की थीं। उस सूची में पूजा पूनिया को सदर दौसा, रजत खीची को सैंथल, हरलाल को लालसोट, श्रीकिशन मीणा को मंडावरी, सत्यनारायण को झांपदा, कमलेश को पापड़दा, महावीर प्रसाद को मानपुर, सुरेंद्र सिंह को सिकंदरा, जनमेजाराम को बालाहेड़ी, मोहनलाल को लवाण तथा मनीषा मीणा को बैजूपाड़ा थाना प्रभारी बनाया गया था।
नई तबादला सूची में कई थानों के प्रभारियों को दोबारा बदला गया है। श्रीकिशन, जिन्हें पहले मंडावरी की जिम्मेदारी दी गई थी, अब बालाहेड़ी थाना प्रभारी बनाए गए हैं। वहीं, पहले बालाहेड़ी में तैनात जनमेजाराम को साइबर थाना भेज दिया गया है।
मानपुर थाना भी एक बार फिर चर्चा में रहा। पहले सतीश कुमार को पुलिस लाइन भेजकर उनकी जगह महावीर प्रसाद को तैनात किया गया था, लेकिन ताजा आदेश में सतीश कुमार की दोबारा मानपुर थाना प्रभारी के रूप में वापसी कराई गई है। इसी तरह सदर दौसा और लवाण थानों में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
पुलिस विभाग के इस लगातार प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और पुलिस व्यवस्था में बेहतर समन्वय स्थापित करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।