Edited By Ishika Jain, Updated: 27 Jul, 2026 06:09 PM

दौसा में नगर निकाय और पंचायतीराज चुनाव 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध चुनावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दौसा। आगामी नगर निकाय एवं पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर दौसा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने कलक्ट्रेट सभागार में चुनाव से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनावी तैयारियों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
सभी प्रकोष्ठों को समयबद्ध कार्य करने के निर्देश
डॉ. सौम्या झा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रत्येक प्रकोष्ठ अपने निर्धारित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करे। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप देने पर जोर दिया, ताकि चुनाव प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
चुनावी व्यवस्थाओं की विस्तार से हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में चुनाव संचालन, निर्वाचन अनुभाग, लेखा प्रबंधन, मतदान केंद्रों की तैयारियां, कानून व्यवस्था, मतदान दलों का गठन, आदर्श आचार संहिता के पालन, रूट चार्ट, यातायात व्यवस्था, वेयरहाउस, प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री भंडारण, रसद, मीडिया प्रबंधन, कंप्यूटर व्यवस्था तथा सामान्य प्रशासनिक तैयारियों सहित विभिन्न प्रकोष्ठों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था को समय पर पूरा करें।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (दौसा) अरविंद शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (लालसोट) मनमोहन मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, एसडीएम दौसा संजू मीणा, यूआईटी सचिव गंगाधर मीणा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।