Edited By Ishika Jain, Updated: 26 May, 2026 04:14 PM

राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर रविवार देर रात तनाव की स्थिति पैदा हो गई। लालपुरा गांव स्थित आगला रामा की ढाणी में खातेदारी भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास के दौरान दो पक्ष...
राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर रविवार देर रात तनाव की स्थिति पैदा हो गई। लालपुरा गांव स्थित आगला रामा की ढाणी में खातेदारी भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति बिगड़ने के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस के अनुसार प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक समझाइश के बाद एक पक्ष वहां से हट गया, लेकिन दूसरे पक्ष के कुछ लोग विरोध करते हुए उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। आत्मरक्षा और स्थिति नियंत्रण के लिए पुलिस ने एक राउंड हवाई फायरिंग की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नाथूलाल बैरवा, हनुमान बैरवा, रामस्वरूप बैरवा, कमलेश कुमार बैरवा और रवि कुमार बैरवा शामिल हैं। वहीं कुछ अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मंडावरी, रामगढ़ पचवारा और जांमदा थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने 14 नामजद आरोपियों सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
इसी बीच खटवा गांव निवासी भगवान सहाय राजेश कुमार शर्मा ने भी अपनी खातेदारी भूमि में जबरन प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास को लेकर शिकायत दर्ज कराई है।
मामले की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। जांच में संबंधित भूमि निजी खातेदारी भूमि पाई गई। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने प्रतिमा को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।