Edited By Ishika Jain, Updated: 01 Jul, 2026 03:55 PM

राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। जानिए टक्कर के बाद बस में आग कैसे फैली और यात्री बाहर क्यों नहीं निकल सके।
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। हरिद्वार से इंदौर जा रही श्रद्धालुओं से भरी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही मिनटों में बस आग की चपेट में आ गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ यात्रियों की मौत आग से झुलसने के कारण हुई, जबकि अन्य की जान गंभीर चोटों की वजह से गई।
हादसे के समय अधिकतर यात्री सो रहे थे
बताया जा रहा है कि दुर्घटना देर रात हुई, जब बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक हुई तेज टक्कर के कारण कई लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। कुछ यात्री सीटों और बर्थ से नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
टक्कर के बाद तेजी से फैली आग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस और ट्रक की भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों के ईंधन टैंक क्षतिग्रस्त हो गए। इससे ईंधन का रिसाव हुआ और आग लग गई। एसी स्लीपर बस होने के कारण आग तेजी से पूरे वाहन में फैल गई, जिससे यात्रियों के बाहर निकलने का समय बेहद कम रह गया।
ऊपरी बर्थ से गिरे यात्री, कई गंभीर घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जोरदार टक्कर के चलते ऊपरी बर्थ पर सो रहे कई यात्री नीचे आ गिरे। इस दौरान कुछ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। वहीं, बस की डिक्की में कथित रूप से ज्वलनशील सामान रखे होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में अधिकारियों की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इमरजेंसी निकास को लेकर भी उठे सवाल
हादसे के बाद बस के लॉकिंग सिस्टम के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इमरजेंसी एग्जिट समय पर नहीं खुल सका। साथ ही कई यात्रियों को आपातकालीन निकास के उपयोग की जानकारी भी नहीं थी। इन परिस्थितियों ने राहत और बचाव को और मुश्किल बना दिया।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।