दौसा में पक्षियों के लिए लगाए जाएंगे 20 हजार परिंडे, निराश्रित पशुओं की सुरक्षा के लिए चलेगा अभियान

Edited By Afjal Khan, Updated: 10 Mar, 2026 06:23 PM

dausa 20000 bird water pots campaign stray cattle safety adm arvind sharma

राजस्थान के दौसा जिला कलक्ट्रेट में मंगलवार को जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीएम अरविंद शर्मा ने की। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में पक्षियों के लिए बड़े स्तर पर परिंडे लगाने का...

राजस्थान के दौसा जिला कलक्ट्रेट में मंगलवार को जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीएम अरविंद शर्मा ने की। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में पक्षियों के लिए बड़े स्तर पर परिंडे लगाने का अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।

एडीएम ने कहा कि अगले सप्ताह से जिले में विभागवार लक्ष्य तय कर अभियान चलाया जाएगा। स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से करीब 20 हजार परिंडे लगाए जाएंगे और उनमें नियमित रूप से पानी भरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही गर्मियों के दौरान पशुओं के लिए भी पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

गोवंश पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश

बैठक में एडीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, परिवहन विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़क किनारे घूमने वाले निराश्रित गोवंश पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य रात के समय सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

घायल पशुओं के इलाज और आश्रय की व्यवस्था

बैठक के दौरान पशु एम्बुलेंस की उपलब्धता नहीं होने और घायल या बीमार गोवंश को उपचार के लिए ले जाते समय टोल से छूट नहीं मिलने पर एडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस समस्या के समाधान के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि घायल पशुओं का तुरंत पशु चिकित्सालय में इलाज कराकर उन्हें गौशालाओं में भेजा जाए। साथ ही निराश्रित गोवंश को नंदीशाला बीड, दौसा में आश्रय दिलाने की व्यवस्था भी की जाए।

निराश्रित कुत्तों का होगा टीकाकरण

एडीएम ने नगर परिषद को आसपास के क्षेत्रों से घायल और बीमार गोवंश का उपचार कराकर उन्हें गौशालाओं और नंदीशालाओं में भेजने के निर्देश दिए। वहीं पशुपालन विभाग को पात्र गौशालाओं के प्रबंधकों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि वे गोवंश को बाहर न छोड़ें।

इसके साथ ही जिले में निराश्रित कुत्तों के लिए रेबीज टीकाकरण अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक प्रहलाद मीणा, उप निदेशक राधेश्याम मीणा, परिवहन विभाग के अधिकारी संदीप भारद्वाज सहित कई विभागों के अधिकारी और जिला पशु क्रूरता निवारण समिति के सदस्य मौजूद रहे।
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!