अगस्त क्रांति और अमर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा देश, कांग्रेस ने अगस्त क्रांति दिवस पर शहीदों को किया याद

Edited By Chandra Prakash, Updated: 09 Aug, 2024 08:19 PM

congress remembered the martyrs on august revolution day

जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर शहीदों को नमन किया। टाउन की ज्ञानसिंह कॉलोनी स्थित डीसीसी कार्यालय में अगस्त क्रांति की वर्षगांठ पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने अगस्त क्रांति दिवस के...

हनुमानगढ़, 9 अगस्त 2024(बालकृष्ण थरेजा) । जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर शहीदों को नमन किया। टाउन की ज्ञानसिंह कॉलोनी स्थित डीसीसी कार्यालय में अगस्त क्रांति की वर्षगांठ पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने अगस्त क्रांति दिवस के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अगस्त क्रांति का दिन ऐतिहासिक है। इस दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आह्वान पर 'अंग्रेजो भारत छोड़ो' का नारा दिया गया था। आज ही के दिन 9 अगस्त 1942 को अंग्रेजी शासन के खिलाफ यह अंतिम और निर्णायक जंग लड़ी गई थी। आंदोलन कारियों ने 8 अगस्त 1942 को अंग्रेजो भारत छोड़ो आंदोलन के साथ संपूर्ण स्वतंत्रता का नारा पूरे देश में गुंजायमान किया था। हमें शहीदों व महान क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए और यही हमारी बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

डीसीसी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि कांग्रेस लोगों के हक की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है। अंग्रेजों भारत छोड़ो, मंगल यान, हरित क्रांति, बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने में कांग्रेस का विशेष योगदान रहा है। कांग्रेस ने नल, बिजली, स्कूल, अस्पताल समेत इस देश को बहुत कुछ दिया है। हिन्दुस्तान की आजादी से लेकर आज तक इस देश को कांग्रेस ने अपना सर्वस्व दिया है। जब देश आजाद हुआ था, हिन्दुस्तान में तब सुई भी नहीं बनती थी, लेकिन आज इस देश में सुई से लेकर सब्बल तक कुदाल से लेकर कंप्यूटर तक सब कांग्रेस की देन है। वह हैलीकॉप्टर भी कांग्रेस की देन है, जिस पर प्रधानमंत्री हवाई यात्रा करते हैं। भाजपा नेताओं को यह बताना चाहिए कि उन्होंने जुमले, अच्छे दिन का वादा, बेरोजगारी के अलावा देश को क्या दिया है। देश अगस्त क्रांति और अमर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा। 

कार्यक्रम में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की शपथ ली। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में अगस्त क्रांति दिवस और अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के स्थापना दिवस पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और झंडारोहण किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के पुराने निष्ठावान कार्यकर्ताओं सुरजाराम जाखड़ जोड़कियां, नत्थासिंह आठ एलएलडब्ल्यू, संतराम मेघवाल नवां व अल्लादिता लखूवाली को श्रीफल प्रदान कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला प्रमुख कविता मेघवाल, गुरमीत चन्दड़ा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद बुडानिया, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष वर्षा कर्मचन्दानी, अमरसिंह सिहाग, जगदीश सिंह राठौड़, इशाक खां, संजय बिश्नोई, करणीसिंह राठौड़, विनोद जाखड़, पार्षद मनोज सैनी, सुरेन्द्र खटीक, करण साईं आदि मौजूद थे।
 

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!