Edited By Afjal Khan, Updated: 12 Mar, 2026 06:07 PM

राजस्थान के दौसा जिले में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद होने से बाजार में हलचल मच गई है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल सामान्य रूप से जारी है। सप्लाई बंद होने की चर्चाओं के बीच गैस एजेंसियों पर घरेलू सिलेंडर लेने के लिए लोगों...
राजस्थान के दौसा जिले में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद होने से बाजार में हलचल मच गई है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल सामान्य रूप से जारी है। सप्लाई बंद होने की चर्चाओं के बीच गैस एजेंसियों पर घरेलू सिलेंडर लेने के लिए लोगों की भीड़ देखी जा रही है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।
देवेंद्र कुमार ने कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ढाबा संचालक बोले— अफवाहों से फैल रही चिंता
जयपुर-आगरा हाइवे पर ढाबा चलाने वाले रमेश ने बताया कि फिलहाल उन्हें कॉमर्शियल सिलेंडर मिल रहे हैं, लेकिन सप्लाई पूरी तरह बंद होने की अफवाहें फैल रही हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे लकड़ी की भट्टी पर भी खाना बना रहे हैं, जिससे अभी तक ज्यादा परेशानी नहीं हुई है।
घरेलू सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता
भारत गैस के डीलर हरीश परेवा ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं को मांग के अनुसार सप्लाई दी जा रही है। हालांकि कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति आगे से बंद हो चुकी है।
कलेक्टर ने बैठक लेकर की समीक्षा
जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने गुरुवार को अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता और आपूर्ति की समीक्षा की। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई में किसी प्रकार की कमी नहीं है और सभी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं के घरों तक समय पर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया कि इसके लिए जांच दल गठित किया गया है, जो नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण पर निगरानी रखेगा। अनियमितता पाए जाने पर द्रवित पेट्रोलियम गैस आदेश 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों से न घबराने की अपील
कलेक्टर ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। फिलहाल गैस एजेंसियों पर बुकिंग और वितरण की प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही है। उपभोक्ता सिलेंडर प्राप्त करने के बाद नियमानुसार 25 दिन बाद अगली बुकिंग करवा सकते हैं।
बैठक में सागर राणा, जिला परिषद सीईओ बिरदी चंद गंगवाल, एडीएम अरविन्द शर्मा, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, नगर परिषद आयुक्त कमलेश कुमार मीणा, जिला रसद अधिकारी कौशल किशोर गुप्ता सहित तेल कंपनियों के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।