Edited By Ramanjot, Updated: 21 Aug, 2026 12:22 PM

अधिकारियों ने बताया कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान रेंज कार्यालय में खड़ी एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग इंसानी बस्तियों से सटे इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम करे ताकि आगे ऐसे हमले न हों।
जयपुर: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में तेंदुए के हमले में तीन साल के एक बच्चे की मौत हो गई। रणथंभौर टाइगर रिजर्व के डिप्टी कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट मानस सिंह ने बताया कि बच्चा, दिलखुश बैरवा, गुरुवार को अपने घर के आंगन में खेल रहा था, तभी तेंदुआ उसे खींचकर जंगल की ओर ले गया।
इस दौरान बच्चे की मां ने तेंदुए के मुंह से मासूम को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रही और बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना के बाद, बच्चे के परिवार वालों और ग्रामीणों ने तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग की एक टीम भी तलाशी में शामिल हो गई। सिंह ने बताया कि आखिरकार बच्चा एक पहाड़ी पर घायल हालत में मिला। अधिकारी ने बताया कि उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया। वे बाद में फलोदी रेंज कार्यालय पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान रेंज कार्यालय में खड़ी एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग इंसानी बस्तियों से सटे इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम करे ताकि आगे ऐसे हमले न हों।