Edited By Anil Jangid, Updated: 30 Mar, 2026 04:34 PM

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर में सोमवार को एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जोधपुर मेट्रो कोर्ट और जिला एवं सेशन कोर्ट (डीजे कोर्ट) को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। धमकी मिलते ही कोर्ट प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत हरकत...
जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर में सोमवार को एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जोधपुर मेट्रो कोर्ट और जिला एवं सेशन कोर्ट (डीजे कोर्ट) को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। धमकी मिलते ही कोर्ट प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आ गया और पूरे परिसर को एहतियातन खाली करवा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे कोर्ट प्रशासन ने अपने आधिकारिक ईमेल की जांच की, जिसमें दोनों अदालत परिसरों में बम रखे होने की बात कही गई थी। इस सूचना के बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। उदयमंदिर थाना पुलिस सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके को घेर लिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट रूम्स में चल रही सुनवाई को तत्काल रोक दिया गया। जजों, वकीलों, कोर्ट स्टाफ और वहां मौजूद आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वायड की टीमों को बुलाकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस द्वारा कोर्ट परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है। पार्किंग क्षेत्र, वकीलों के चैंबर, कोर्ट रूम, कचरा पात्र और संदिग्ध वस्तुओं को विशेष रूप से खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, इसलिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से राजस्थान की अदालतों को इस तरह की धमकियां लगातार मिल रही हैं। इससे पहले भी जयपुर, बीकानेर, बाड़मेर और नागौर समेत कई जिलों की अदालतों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। हालांकि, अब तक की जांच में ये सभी धमकियां झूठी साबित हुई हैं, लेकिन इन घटनाओं से न्यायिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब इन धमकी भरे ईमेल्स के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वालों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जोधपुर कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।