Edited By Rahul yadav, Updated: 28 Apr, 2025 12:59 PM

राजस्थान की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अलवर के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय हुई है जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जयपुर दौरे पर पहुंचे हैं और...
राजस्थान की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अलवर के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय हुई है जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जयपुर दौरे पर पहुंचे हैं और 'संविधान बचाओ' रैली को संबोधित करने वाले हैं।
ज्ञानदेव आहूजा उस समय विवादों में घिर गए थे जब कांग्रेस के दलित नेता और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के एक मंदिर में जाने के बाद वहां गंगाजल से धुलाई करवाई गई थी। इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में जमकर हलचल मचाई थी। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने भी अहमदाबाद में आयोजित एक अधिवेशन में इस मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाया था, वहीं अंबेडकर जयंती पर राहुल गांधी ने भी उसी मंदिर में जाने का कार्यक्रम तय किया था।
पहले सस्पेंशन, फिर निष्कासन
घटना के बाद भाजपा ने ज्ञानदेव आहूजा को तत्काल पार्टी से सस्पेंड कर दिया था और मामले की जांच अनुशासन समिति को सौंप दी गई थी। पार्टी ने आहूजा को कारण बताओ नोटिस भी भेजा था, जिसके जवाब में उन्होंने सफाई तो दी लेकिन माफी मांगने से इनकार कर दिया। जांच पूरी होने के बाद अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर भाजपा ने अब उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
ज्ञानदेव आहूजा का पलटवार
पार्टी से निकाले जाने के बाद ज्ञानदेव आहूजा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा,
"दुनिया कितनी अनंत है पर दुष्टों का अंत है। कुदरत की लाठी जब पड़ती है, आवाज नहीं आती। सावधान रहना माननीय मुख्यमंत्री भाजनलाल जी, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ जी और ओंकार सिंह लखावत जी। मैंने कभी दलितों के खिलाफ नहीं बोला, बल्कि कांग्रेस के नेताओं का विरोध किया, जो भगवान राम के अस्तित्व को नकारते हैं।"
आहूजा ने आगे कहा कि उन्होंने कभी सत्ता की परवाह नहीं की और वह भगवान राम और कृष्ण में अटूट विश्वास रखते हैं। उन्होंने पोस्ट के अंत में लिखा, "सच्चाई ही स्थाई है, जो हुआ अच्छा हुआ, जो होगा अच्छा होगा। जय श्रीराम। भारत माता की जय।"
कांग्रेस कर सकती थी बड़ा हमला
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे जयपुर में आज होने वाली 'संविधान बचाओ' रैली में इस मुद्दे को उठाने वाले थे। ऐसे में भाजपा ने कुछ घंटे पहले ही कार्रवाई कर आहूजा को निष्कासित कर दिया, ताकि कांग्रेस को राजनीतिक हमला करने का मौका न मिले।