Edited By Sourabh Dubey, Updated: 23 Aug, 2026 01:46 PM

भाजपा में संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं के सम्मान और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भीलवाड़ा विधायक कोठारी ने पार्टी की स्थिति स्पष्ट की है। पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि भाजपा में किसी प्रकार का विवाद या...
भीलवाड़ा। भाजपा में संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं के सम्मान और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भीलवाड़ा विधायक कोठारी ने पार्टी की स्थिति स्पष्ट की है। पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि भाजपा में किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा नहीं है। संगठन में सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
विधायक कोठारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के समायोजन और संगठन की प्राथमिकताओं को लेकर अजमेर संभाग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी से चर्चा हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। कोठारी ने स्पष्ट कहा कि राजनीति में अच्छे, योग्य और निष्ठावान लोगों की भागीदारी बढ़नी चाहिए तथा कार्यकर्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
निकाय चुनाव में योग्य लोगों को प्राथमिकता
आगामी नगर निगम और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर विधायक ने कहा कि फिलहाल 70 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी उतारने की कोई योजना नहीं है। पार्टी चुनाव में ऐसे लोगों को आगे लाने पर जोर देगी, जो योग्य, पारदर्शी, समर्पित और संगठन के प्रति निष्ठावान हों।
निजी कॉलोनियों तक पहुंचेगा चंबल का पानी
शहर की पेयजल समस्या को लेकर कोठारी ने बताया कि अमृत 2.0 योजना में पहले छूटी हुई निजी कॉलोनियों को भी शामिल किया गया है। निजी कॉलोनियों में पेयजल संकट दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इससे शहर के उन इलाकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, जहां लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है।
जलभराव के स्थायी समाधान की तैयारी
शहर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव को लेकर विधायक ने बताया कि IIT खड़गपुर के सहयोग से करीब 2.80 करोड़ रुपये की लागत से ड्रेनेज प्लान और मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। गांधी सागर क्षेत्र के सात नालों का रूट बदला गया है, जबकि शहर के अन्य हिस्सों में भी जल निकासी से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।
कचरा प्रबंधन के लिए दो कम्प्रेशन यूनिट
शहर की सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दो कम्प्रेशन यूनिट स्थापित की जा रही हैं। इनमें से एक यूनिट का काम प्रगति पर है, जबकि दूसरी यूनिट के लिए भूमि संबंधी अड़चन को दूर करने की प्रक्रिया जारी है। विधायक के अनुसार इन यूनिट्स के शुरू होने के बाद कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
33 महीने के कार्यकाल का भी किया जिक्र
विधायक कोठारी ने अपने करीब 33 महीने के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और शहर से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ भीलवाड़ा की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।