भरतपुर जूस कांड: जूस में मांस मिलने की पुष्टि नहीं, 4 आरोपियों को जमानत; 23 जून को महापंचायत की चेतावनी

Edited By Anil Jangid, Updated: 17 Jun, 2026 04:20 PM

bharatpur juice controversy no confirmation of meat found in juice

भरतपुर: राजस्थान के भरतपुर जिले में कृष्णा नगर स्थित लुपिन चौराहे पर जूस में कथित तौर पर मांस का टुकड़ा मिलने के मामले ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। हालांकि पुलिस जांच में अब तक जूस में मांस मिलने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में गिरफ्तार...

भरतपुर: राजस्थान के भरतपुर जिले में कृष्णा नगर स्थित लुपिन चौराहे पर जूस में कथित तौर पर मांस का टुकड़ा मिलने के मामले ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। हालांकि पुलिस जांच में अब तक जूस में मांस मिलने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को मंगलवार को अदालत से जमानत मिल गई, लेकिन तनाव और राजनीतिक-सामाजिक हलचल अभी भी बनी हुई है।

 

घटना सोमवार शाम की है, जब एक जूस की दुकान पर मांस का टुकड़ा मिलने का आरोप लगाया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ने पर कुछ लोगों ने दुकान संचालक के साथ मारपीट की, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल दुकानदार को थाने पहुंचाया।

 

पुलिस ने मामले में शुभम शर्मा, सचिन सहनावली, साहिल भवनपुरा और अमित शर्मा को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को सभी को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) राहुल सैनी की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। वहीं, जूस के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

 

पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है और अंतिम निष्कर्ष लैब रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। दूसरी ओर, दुकान पर कार्यरत तीन कर्मचारियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घायल दुकान संचालक विक्रम सिंह और अमर का आरबीएम अस्पताल में इलाज जारी है, जहां सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

घटना के बाद नगर निगम ने दुकान के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की है। अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन कर किए गए अस्थायी निर्माण को हटाया गया है।

 

इसी बीच, सामाजिक संगठनों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। सामाजिक कार्यकर्ता मनुदेव सिनसिनी ने चेतावनी दी है कि यदि 23 जून तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो महाराजा सूरजमल पार्क में महापंचायत आयोजित की जाएगी।

 

वहीं घायल दुकानदार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग पिछले कई दिनों से उससे रंगदारी की मांग कर रहे थे और इनकार करने पर दुकान पर हमला किया गया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामला अब कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक तनाव का भी रूप लेता दिख रहा है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!