अजमेर होटल से पकड़ी गई संदिग्ध बांग्लादेशी महिला, अवैध रूप से भारत आने के मामले में पुलिस कर रही जांच

Edited By Anil Jangid, Updated: 16 Jul, 2026 05:12 PM

bangladeshi woman detained from ajmer hotel for illegal india entry

अजमेर: राजस्थान के अजमेर जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया है।

अजमेर: राजस्थान के अजमेर जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया है। कृष्णगंज थाना पुलिस और सीआईडी (विशेष शाखा) की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। महिला को अजमेर के कृष्णगंज क्षेत्र स्थित एक होटल से पकड़ा गया, जहां वह ठहरी हुई थी।

 

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने जून महीने में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की है। पूछताछ में सामने आया कि वह पहले जयपुर पहुंची, इसके बाद ब्यावर गई और फिर 14 जुलाई को अजमेर पहुंची। फिलहाल पुलिस उसके बयानों की पुष्टि करने और भारत में उसकी गतिविधियों की जांच में जुटी हुई है।

 

अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी और अन्य विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर एवं मुख्यालय) हिमांशु जांगिड़ और सीओ उत्तर शिवम जोशी के निर्देशन में कृष्णगंज थाना पुलिस और सीआईडी विशेष शाखा की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।

 

पुलिस टीम ने विनायक होटल में ठहरी महिला की संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पूछताछ की। जांच के दौरान महिला ने अपनी पहचान बांग्लादेश के ढाका किशोरगंज निवासी मीम अख्तर (28) पुत्री अब्दुल सत्तार के रूप में बताई। पुलिस अब उसके दस्तावेजों, मोबाइल फोन और भारत में संपर्कों की जांच कर रही है।

 

अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला किसके संपर्क में थी, उसे भारत आने में किसी व्यक्ति या नेटवर्क ने मदद की या नहीं और भारत में आने के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था। इसके अलावा सीमापार से अवैध प्रवेश कराने वाले किसी गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

पूछताछ पूरी होने के बाद महिला को डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच और सत्यापन के आधार पर की जाएगी।

 

अजमेर जिले में विदेशी नागरिकों की पहचान को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर यह कार्रवाई की गई।

 

पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर रहने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और महिला से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद मामले में बड़ा खुलासा होने की संभावना है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!