बांदीकुई में 6 साल पुराने प्रिंस हत्याकांड की फिर खुली फाइल, एक्सप्रेस-वे की तीन लेन बंद

Edited By Afjal Khan, Updated: 02 Mar, 2026 05:53 PM

bandikui prince murder case skeleton search delhi mumbai expressway lanes closed

दौसा जिले के बांदीकुई क्षेत्र में वर्ष 2020 में हुई 4 वर्षीय प्रिंस की हत्या के मामले में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के नीचे दफनाए गए कंकाल की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई के चलते...

दौसा जिले के बांदीकुई क्षेत्र में वर्ष 2020 में हुई 4 वर्षीय प्रिंस की हत्या के मामले में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के नीचे दफनाए गए कंकाल की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई के चलते एक्सप्रेस-वे की तीन लेन अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं।

16 अगस्त 2020 को हुई थी वारदात

जानकारी के अनुसार, रामदेवा की ढाणी निवासी 4 साल के प्रिंस की 16 अगस्त 2020 को हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि पड़ोस में रहने वाले युवक और उसकी बहन ने मिलकर बच्चे की हत्या की और शव को निर्माणाधीन क्षेत्र में दबा दिया।

करीब दो सप्ताह पहले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपराध कबूल करते हुए शव को एक्सप्रेस-वे के नीचे दफनाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने संभावित स्थानों पर सर्च शुरू किया।

पहले खुदाई, फिर जीपीआर स्कैन

प्रारंभिक चरण में जेसीबी मशीन से खुदाई करवाई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। 26 फरवरी को ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (GPR) से स्कैनिंग की गई, जिसमें दो स्थानों पर संदिग्ध संकेत मिले। इन्हीं संकेतों के आधार पर दोबारा कार्रवाई की गई।

मिलिंग मशीन से सड़क काटकर खुदाई

रविवार को पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के हिस्से को मिलिंग मशीन से काटना शुरू किया। देर रात काम रोका गया था, जिसे सोमवार सुबह फिर से शुरू किया गया। जेसीबी की मदद से गहराई तक खुदाई कर कंकाल की तलाश की जा रही है।

ट्रैफिक पर पड़ा असर

खुदाई स्थल के आसपास करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में यातायात नियंत्रित किया गया है। एक्सप्रेस-वे की पांच में से तीन लेन बंद कर दी गई हैं, जबकि दो लेन पर सीमित आवागमन जारी है।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। कंकाल बरामद होने तक सर्च ऑपरेशन जारी रहने की संभावना है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!