Edited By Sourabh Dubey, Updated: 27 Jul, 2026 05:24 PM
अखिल भारतीय अग्रवाल समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक रांची में संपन्न हुई। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.के. गुप्ता ने संगठन को मजबूत बनाने, राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में आगे आने का आह्वान किया।
रांची। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की प्रथम बैठक झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देशभर से आए राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक पदाधिकारियों ने संगठन को अधिक सशक्त बनाने, समाज की एकजुटता बढ़ाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा समाज के अधिकारों की प्रभावी पैरवी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में अखिल भारतीय अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पश्चिम क्षेत्र अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष के.के. गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल समाज ने देश की आजादी से लेकर आज तक राष्ट्र निर्माण, व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण से लेकर कोविड-19 महामारी जैसे कठिन समय में समाज के भामाशाहों ने सेवा और सहयोग की मिसाल पेश की।
उन्होंने कहा कि समाज को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने समाज के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना होगा। केवल बैठकों और भाषणों से नहीं, बल्कि आपसी सहयोग और सामाजिक एकजुटता से ही संगठन मजबूत होगा।
राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान
के.के. गुप्ता ने कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत होने के बावजूद अग्रवाल समाज को राजनीति में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर सक्रिय राजनीति में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया ताकि समाज की आवाज विधानसभा, लोकसभा और नीति निर्माण के मंचों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में आगे आने की अपील
उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को व्यापार के साथ-साथ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय राजस्व सेवा (IRS), राज्य प्रशासनिक सेवाओं और न्यायिक सेवाओं में भी अधिक संख्या में आगे आना चाहिए। इससे समाज की नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में योगदान और मजबूत होगा।
उन्होंने संगठन में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर भी विशेष जोर देते हुए सदस्यता अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक सक्षम व्यक्ति समाज के एक जरूरतमंद परिवार की सहायता का संकल्प ले, तो अग्रवाल समाज देश का सबसे संगठित और आत्मनिर्भर समाज बन सकता है।
महाराजा अग्रसेन के सिद्धांत अपनाने का संदेश
अपने संबोधन के अंत में के.के. गुप्ता ने महाराजा अग्रसेन के "एक ईंट, एक रुपया" सिद्धांत को वर्तमान समय में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहयोग, सम्मान और सामाजिक उत्थान की भावना ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
अग्रोहा धाम में मां महालक्ष्मी मंदिर निर्माण पर बड़ा निर्णय
राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने हरियाणा के अग्रोहा धाम में निर्माणाधीन मां महालक्ष्मी मंदिर के निर्माण कार्य को अगले डेढ़ वर्ष में पूरा कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। साथ ही समाज के हितों की रक्षा, संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने और समाज के लोगों के बीच सहयोग की भावना को और बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थूराम जैन, विनोद अग्रवाल, विनीत लोहिया, नंदकिशोर अग्रवाल, संजय पलसानिया, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष वंदना टिंबरेवाल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यभूषण जैन, दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल, महामंत्री अमित नागौरी, उपाध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल सहित देशभर से आए अनेक राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं ने भाग लिया।