Edited By Anil Jangid, Updated: 26 Jun, 2026 01:55 PM

जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर अब चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। शहर में लागू इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के तहत लगाए गए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे दिन और रात लगातार वाहनों की गतिविधियों पर नजर...
जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर अब चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। शहर में लागू इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के तहत लगाए गए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे दिन और रात लगातार वाहनों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। जैसे ही कोई वाहन चालक ओवरस्पीड या रेड लाइट जंप जैसी गलती करता है, सिस्टम तुरंत उसका रिकॉर्ड तैयार कर ऑनलाइन चालान जारी कर देता है।
जयपुर शहर के 15 प्रमुख स्थानों पर कुल 47 कैमरे लगाए गए हैं, जो पूरी तरह ऑटोमेटेड मोड में काम कर रहे हैं। इस प्रणाली का उद्देश्य ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल के अनुसार, रात के समय अक्सर सड़कें खाली होने का फायदा उठाकर कई वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं या सिग्नल तोड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
हाल ही में जारी आंकड़ों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देर रात भी नियम उल्लंघन की संख्या कम नहीं है। ओवरस्पीडिंग के मामलों में सरस पार्लर क्षेत्र सबसे आगे रहा, जहां 125 चालान जारी किए गए। इसके बाद कॉमर्स कॉलेज क्षेत्र में 52 और नेहरू गार्डन क्षेत्र में 7 चालान दर्ज हुए।
रेड लाइट जंप के मामलों में भी भारी संख्या सामने आई है। सांगानेरी गेट तिराहे पर 408 ऑनलाइन चालान जारी किए गए, जो सबसे अधिक हैं। रामनिवास बाग चौराहे पर 372, पांच बत्ती चौराहे पर 245 और यादगार तिराहे पर 127 चालान दर्ज किए गए।
यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तकनीक का दायरा आगे और बढ़ाया जाएगा। आने वाले समय में और अधिक चौराहों और सड़कों को ITMS नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, ताकि ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
इस व्यवस्था के बाद जयपुर में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि अभी भी बड़ी संख्या में लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।