Edited By Anil Jangid, Updated: 07 Mar, 2026 06:26 PM

सवाईमाधोपुर: सवाईमाधोपुर जिले में चल रही ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना के तहत कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में जिला कलक्टर कानाराम ने परियोजना के कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया और अधिकारियों को तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।...
सवाईमाधोपुर: सवाईमाधोपुर जिले में चल रही ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना के तहत कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में जिला कलक्टर कानाराम ने परियोजना के कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया और अधिकारियों को तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनएच-148एन पर एचडीडी (हॉरिजॉन्टल डायरेक्शनल ड्रिलिंग) पद्धति से किए जा रहे रोड क्रॉसिंग कार्य का भी अवलोकन किया और प्रगति की जानकारी ली।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। जहां भी प्रशासनिक स्तर पर सहयोग की आवश्यकता हो, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
परियोजना खंड उनियारा के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए बौंली और चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्रों में भूमि अवाप्ति की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए मुआवजा राशि संबंधित भूमि अवाप्ति अधिकारियों के खातों में जमा करवा दी गई है।
जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी बौंली को निर्देश दिए कि प्रभावित खातेदारों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि वितरित की जाए और भूमि का कब्जा विभाग को सुपुर्द कराया जाए। इससे परियोजना के कार्यों को गति मिलेगी और तय समय में इसे पूरा किया जा सकेगा।
ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना से क्षेत्र के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस योजना के तहत कुल 35.13 लाख लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना के माध्यम से राजस्थान के 1256 गांवों और 6 कस्बों तक पानी पहुंचाया जाएगा। इनमें दौसा जिले के 1079 गांव और 5 कस्बे तथा सवाईमाधोपुर जिले के 177 गांव और एक कस्बा शामिल हैं।
परियोजना के तहत करीब 3 लाख 6 हजार 198 नल कनेक्शन देने का प्रस्ताव है। इसके पूरा होने से क्षेत्र में पेयजल संकट को काफी हद तक दूर करने में मदद मिलेगी।