धमाके से थर्रा उठा सीकर! नीमकाथाना के प्रसिद्ध धाम में सूटकेस ब्लास्ट, दो संदिग्ध फरार

Edited By Ramanjot, Updated: 12 Feb, 2026 08:12 PM

suitcase explosion triggers panic at ganeshwar dham in sikar

राजस्थान के सीकर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नीमकाथाना स्थित प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम के पवित्र कुंड में गुरुवार दोपहर अचानक एक सूटकेस फेंका गया, जिसके कुछ ही क्षण बाद जोरदार विस्फोट हो गया।

सीकर: राजस्थान के सीकर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नीमकाथाना स्थित प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम के पवित्र कुंड में गुरुवार दोपहर अचानक एक सूटकेस फेंका गया, जिसके कुछ ही क्षण बाद जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद श्रद्धालु और काम कर रहे मजदूर घबराकर इधर-उधर भागने लगे।

दो युवक आए, सूटकेस फेंका और फिर…

घटना गुरुवार (12 फरवरी 2026) को दोपहर करीब 2:10 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो संदिग्ध युवक हाथ में एक सूटकेस और थैली लेकर धाम परिसर में पहुंचे। वे मोबाइल फोन पर बात करते हुए नजर आए। बिना किसी से बातचीत किए उन्होंने सीधे पवित्र कुंड की ओर बढ़कर सूटकेस पानी में फेंक दिया।

सूटकेस के पानी में गिरते ही लगातार तीन तेज धमाके हुए। ऐसा प्रतीत हुआ मानो एक के बाद एक विस्फोट हो रहे हों। धमाके के साथ पानी ऊंचाई तक उछला, धुआं फैल गया और सूटकेस के टुकड़े कुंड की चारदीवारी तक जा पहुंचे।

कुंड को नुकसान, लेकिन बड़ा हादसा टला

विस्फोट के बाद कुंड की दीवारों में दरारें दिखाई दीं। आसपास अज्ञात पदार्थ के छींटे और निशान भी पाए गए हैं। सौभाग्य से घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। उस समय कुंड के पास जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था, जहां कई मजदूर काम कर रहे थे। मजदूर सुरेश कुमार ने बताया कि युवक अचानक आए, सूटकेस फेंका और कुछ ही सेकंड में तेज धमाका हो गया। सभी लोग डर के मारे भाग खड़े हुए।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में ले लिया। पुलिस द्वारा CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। मजदूरों और मौजूद श्रद्धालुओं से पूछताछ की जा रही है। दोनों संदिग्ध युवकों की तलाश जारी है और उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट में इस्तेमाल किए गए पदार्थ की प्रकृति, उसके स्रोत और संभावित मकसद की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी संगठन या स्पष्ट उद्देश्य की पुष्टि नहीं हुई है।

धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर उठे सवाल

गणेश्वर तीर्थ धाम क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र है। इस घटना ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह शरारती हरकत थी या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!