Edited By Afjal Khan, Updated: 20 Oct, 2023 07:45 PM
दौसा। राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कैंपेन को धार देने आज कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा राजस्थान दौरे पर रही। प्रियंका गांधी ने दौसा जिले के सिकराय में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया और बीजेपी को जमकर घेरा। प्रियंका गांधी ने कहा कि...
दौसा। राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कैंपेन को धार देने आज कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा राजस्थान दौरे पर रही। प्रियंका गांधी ने दौसा जिले के सिकराय में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया और बीजेपी को जमकर घेरा। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा में स्वार्थ हावी है और भाजपा जनता के बारे में नहीं सोच रही है। भाजपा में सभी नेता खुद को मुख्यमंत्री घोषित कर रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि राजस्थान में पूरी भाजपा बिखरी हुई है। एकजुट होने का नामो निशान नहीं है। वहीं कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर मंच पर बैठी है।
कांग्रेस सरकार ने जनता के जीवन को मजबूत करने का किया काम- प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में जनता के जीवन को मजबूत करने का काम किया है। देश की जनता भाजपा की कुनीतियों का खामियाजा महंगाई और बेरोजगारी के रूप में भुगत रही है। ऐसे में राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने महंगाई राहत कैंप लगाए। पुरानी पेंशन लागू की। स्वास्थ्य का अधिकार लागू किया। 500 रु में गैस सिलेंडर, शहरी रोजगार गारंटी, इंदिरा कैंटीन समेत स्वास्थ्य, शिक्षा, भोजन और रोजगार पर बेहतरीन काम किया है। राजस्थान में फिर से कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
प्रियंका गांधी ने उठाया देवनारायण मंदिर का मामला
इस दौरान प्रियंका गांधी ने देवनारायण मंदिर का मामला भी उठाया। प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्होंने टीवी पर देखा कि प्रधानमंत्री मोदी देवनारायण जी के मंदिर में लिफाफा डालकर गए थे। खोला गया तो उसमें 21 रु निकले। आजकल देश में यही हो रहा है। घोषणाएं बड़ी-बड़ी, मंच पर खड़े होकर कैसे-कैसे लिफाफे दिखाए जा रहे हैं लेकिन जब आप लिफाफों को खोलते हैं, जब की बारी आती है तो कुछ नहीं होता। इस राजनीति से जनता सावधान रहे।
बता दें कि इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी समेत कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जनसभा के उपरांत प्रियंका गांधी ने मेहंदीपुर बालाजी के मंदिर में दर्शन भी किए।