Edited By Anil Jangid, Updated: 19 Feb, 2026 02:38 PM

नागौर। राजस्थान की राजनीति में हनुमान बेनीवाल की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है, लेकिन इस बार उनके एक समर्थक ने अपनी दीवानगी से सबको चौंका दिया। नागौर जिले के रायधनु गांव में एक परिवार ने शादी के निमंत्रण पत्र पर अपने पसंदीदा नेता की तस्वीर छपवाकर...
नागौर। राजस्थान की राजनीति में हनुमान बेनीवाल की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है, लेकिन इस बार उनके एक समर्थक ने अपनी दीवानगी से सबको चौंका दिया। नागौर जिले के रायधनु गांव में एक परिवार ने शादी के निमंत्रण पत्र पर अपने पसंदीदा नेता की तस्वीर छपवाकर उसे खास बना दिया। अब यह कार्ड सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
परिवार द्वारा छपवाए गए इस कार्ड में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की तस्वीर प्रमुखता से प्रकाशित की गई है। तस्वीर के साथ उनका चर्चित संवाद भी लिखा गया है— “जो तूफानों में पलते हैं, वही दुनिया बदलते हैं।” कार्ड की अनोखी डिजाइन और यह सशक्त नारा लोगों का ध्यान खींच रहा है। व्हाट्सएप और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर यह निमंत्रण पत्र चर्चा का विषय बना हुआ है।
इतना ही नहीं, शादी के कार्ड में हनुमान बेनीवाल का नाम मुख्य अतिथि के रूप में भी अंकित किया गया है। परिवार का कहना है कि बेनीवाल उनके लिए केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि प्रेरणास्रोत और परिवार के सदस्य समान हैं। इसी भावना के चलते उन्होंने अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण अवसर पर उन्हें विशेष स्थान दिया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राजस्थान की राजनीति में किसी नेता के प्रति इस तरह का भावनात्मक जुड़ाव कम ही देखने को मिलता है। यह घटना दर्शाती है कि नागौर सहित आसपास के क्षेत्रों में बेनीवाल की मजबूत पकड़ है, खासकर युवाओं के बीच उनकी ‘आइकॉन’ जैसी छवि बन चुकी है। समर्थकों के लिए उनका व्यक्तित्व अब केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक पहचान का हिस्सा बनता जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले नरेंद्र मोदी और अशोक गहलोत की तस्वीरों वाले शादी कार्ड भी सामने आ चुके हैं, लेकिन बेनीवाल के नारे और फोटो का यह संयोजन पहली बार इस तरह वायरल हुआ है।