Edited By Anil Jangid, Updated: 04 Mar, 2026 12:42 PM

कोटा। शहर में आयोजित कोटा प्रीमियर लीग के समापन समारोह के दौरान रविवार को बड़ा विवाद सामने आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं बॉलीवुड अभिनेत्री Shilpa Shetty के मंच पर आते ही भीड़ बेकाबू हो गई। इसी दौरान भाजपा नेता और कोटा जिला...
कोटा। शहर में आयोजित कोटा प्रीमियर लीग के समापन समारोह के दौरान रविवार को बड़ा विवाद सामने आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं बॉलीवुड अभिनेत्री Shilpa Shetty के मंच पर आते ही भीड़ बेकाबू हो गई। इसी दौरान भाजपा नेता और कोटा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा उर्फ सत्तू बालिता पर पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट के आरोप लगे हैं।
घटना जेके पवेलियन स्टेडियम में आयोजित समारोह के दौरान हुई, जहां बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। अभिनेत्री को नजदीक से देखने के लिए लोग आगे बढ़ने लगे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई। मौके पर करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी वीआईपी ड्यूटी में तैनात थे और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सत्तू बालिता अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और व्यवस्थाओं को लेकर विरोध जताया। आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात एक महिला हेड कॉन्स्टेबल से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि धक्का-मुक्की के दौरान एक पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारा गया और कुछ जवानों की वर्दी फाड़ दी गई।
मामले में नयापुरा थाना में राजकार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिस लाइन से ड्यूटी पर गई टीम की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं और उपलब्ध वीडियो फुटेज की भी जांच की जा रही है।
वहीं सत्तू बालिता ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि भीड़ अधिक होने के कारण धक्का-मुक्की हुई, लेकिन उन्होंने किसी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट या अभद्रता नहीं की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।