Edited By Anil Jangid, Updated: 02 Mar, 2026 01:51 PM

करौली: करौली में आगामी होली, रमजान और ईद के मद्देनजर शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर में शांति समिति (सीएलजी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, सीएलजी सदस्य और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
करौली: करौली में आगामी होली, रमजान और ईद के मद्देनजर शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर में शांति समिति (सीएलजी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, सीएलजी सदस्य और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली, रमजान और ईद के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को बैठक में रखा। कुछ सदस्यों ने पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए और आमजन के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पर पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद से ही शांति व्यवस्था मजबूत रह सकती है।
बैठक को संबोधित करते हुए उपाधीक्षक अनुज शुभम ने कहा कि होली का पर्व, रमजान का पवित्र महीना और आने वाली ईद को देखते हुए यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर बना रहे। सभी लोग अपने-अपने त्योहारों को शांतिपूर्ण और सद्भाव के साथ मनाएं।”
डीएसपी ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि कोई भी व्यक्ति शराब पीकर वाहन न चलाए। साथ ही दोपहिया वाहनों पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाई जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य करेगा और किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।