झुंझुनूं में एक और गोल्ड लोन घोटाला, पिलानी में नकली सोने के बदले 30 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा उजागर!

Edited By Payal Choudhary, Updated: 10 Feb, 2026 04:47 PM

jhunjhunu gold loan scam pilani manappuram finance fake gold

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में गोल्ड लोन घोटालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिलानी कस्बे में गोल्ड लोन देने वाली निजी फाइनेंस कंपनी Manappuram Finance की ब्रांच में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां ब्रांच मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर पर...

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में गोल्ड लोन से जुड़े घोटालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिलानी कस्बे में गोल्ड लोन देने वाली निजी फाइनेंस कंपनी Manappuram Finance की शाखा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां ब्रांच मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर पर नकली सोने के बदले करीब 30 लाख रुपये का गोल्ड लोन पास करने का गंभीर आरोप लगा है।

मामले की जानकारी कंपनी की आंतरिक ऑडिट के दौरान सामने आई। बताया जा रहा है कि 12 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2025 के बीच पिलानी ब्रांच से जिन गोल्ड लोन खातों को मंजूरी दी गई थी, उनमें गिरवी रखा गया सोना जांच के दौरान नकली पाया गया। इसके बावजूद इन खातों में असली रकम का लोन स्वीकृत कर दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि यह फर्जी गोल्ड लोन करीब 10 परिचितों और रिश्तेदारों के नाम पर पास किए गए थे। इस पूरे मामले में ब्रांच के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद कंपनी प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

पिलानी थाना पुलिस ने मामले की जांच करते हुए ब्रांच मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों के नाम पर लोन स्वीकृत किए गए थे, उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी झुंझुनूं जिले में पंजाब नेशनल बैंक की नवलगढ़ शाखा में गोल्ड लोन से जुड़ा बड़ा घोटाला सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से गोल्ड लोन सिस्टम की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!