रामगढ़ बांध के कैचमेंट एरिया में JDA का बड़ा एक्शन, 20 बीघा जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त

Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 10 Aug, 2026 06:53 PM

jda action ramgarh dam encroachment 20 bigha land freed

JDA ने मिट्टी की डोल, तारबंदी, बाड़ और अवैध खेती समेत कई अतिक्रमण हटाए; प्रवर्तन टीम ने JCB से की कार्रवाई

जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने रामगढ़ बांध के भराव-बहाव क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सुशासन और अतिक्रमणों के प्रति जीरो टॉलरेंस के संकल्प के तहत यह कार्रवाई की गई।

जेडीए के अनुसार सोमवार को मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी के नेतृत्व में प्रवर्तन टीमों ने रामगढ़ बांध के कैचमेंट एरिया में अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।

कई इलाकों में हटाए गए अतिक्रमण

कार्रवाई के दौरान जमवारामगढ़ थाना रायसर के चारणवास उर्फ काली पहाड़ी में करीब 2 बीघा, जयचन्दपुरा में 8 बीघा, आमेर के बगवाड़ा और भीमपुरा में करीब 4 बीघा तथा सिरोही और जुगलपुरा क्षेत्र में करीब 6 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

जेडीए के मुताबिक इन क्षेत्रों में मिट्टी की डोल बनाकर, कांटों की बाड़ और तारबंदी कर, झाड़ियां लगाकर तथा फसल उगाकर भूमि पर कब्जा किया गया था। कुछ स्थानों पर मिट्टी के नाले और अन्य संरचनाएं भी बनाई गई थीं।

JCB और मजदूरों की मदद से ध्वस्त किए अतिक्रमण

जेडीए की प्रवर्तन टीमों ने राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ की निशानदेही पर JCB मशीन और मजदूरों की सहायता से अतिक्रमणों को ध्वस्त कर हटाया। कार्रवाई में विभिन्न जोन के प्रवर्तन अधिकारी, तहसीलदार, भू-अभिलेख निरीक्षक सहित राजस्व और तकनीकी स्टाफ शामिल रहा।

अतिक्रमण की शिकायत के लिए JDA ने जारी किए नंबर

जेडीए ने आमजन से अवैध निर्माण, कब्जे या अतिक्रमण की सूचना देने की अपील की है। शिकायत JDA कंट्रोल रूम हेल्पलाइन और राजस्थान संपर्क पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई जा सकती है।

जेडीए का कहना है कि सरकारी भूमि और जलाशयों के भराव-बहाव क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए आगे भी प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!