Edited By LUCKY SHARMA, Updated: 06 Oct, 2026 02:48 PM

पार्षदों ने शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर जताई नाराजगी, यूडी टैक्स ठेके में पारदर्शिता की मांग; दिवाली से पहले हर वार्ड में लगेंगी लाइटें
धौलपुर। शहर की नवनिर्वाचित नगर परिषद बोर्ड की पहली साधारण सभा की बैठक सोमवार को नगर परिषद सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिला कलेक्टर, सभापति गिरीश गर्ग सहित नवनिर्वाचित पार्षदों का सम्मान किया गया। इसके बाद शहर से जुड़े 13 महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था, जलभराव और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताई। समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बैठक में हंगामा भी हुआ। पार्षदों ने शहर की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार और स्थायी समाधान की मांग रखी।
जलभराव की समस्या पर सभापति ने मांगा समय
सभापति गिरीश गर्ग ने भी शहर में जलभराव की समस्या को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि उनके घर के सामने भी पानी भरता है। उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार के लिए एक बार फिर समय मांगा।
यूडी टैक्स ठेके पर उठे सवाल
बैठक में यूडी टैक्स वसूली के ठेके को लेकर भी पार्षदों ने सवाल उठाए। कुछ पार्षदों ने ठेके की प्रक्रिया में भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए पूरे मामले में पारदर्शिता की मांग की।
ऑडिटोरियम का किराया 51 हजार करने का फैसला
बैठक में एकीकृत पार्क को उद्यान विभाग से नगर परिषद को सौंपने सहित कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। वहीं शरद मेले को ठेके पर नहीं देने का फैसला लिया गया।
नगर परिषद ऑडिटोरियम का किराया 1 लाख रुपये से घटाकर 51 हजार रुपये करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
दिवाली से पहले हर वार्ड में लगेंगी लाइटें
सभापति गिरीश गर्ग ने बताया कि दिवाली से पहले शहर के प्रत्येक वार्ड में लाइटें लगाने का काम कराया जाएगा। बैठक में शहर में बढ़ती आवारा पशुओं और बंदरों की समस्या पर भी चर्चा हुई। इनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
बैठक में पार्षदों ने शहर की मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग रखी।