दौसा में गणतंत्र दिवस समारोह: प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने वीरांगना के पैर छुए, ध्वजारोहण कर ली मार्च पास्ट की सलामी

Edited By Anil Jangid, Updated: 26 Jan, 2026 04:43 PM

republic day celebrations in dausa rajyavardhan rathore

दौसा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह राजेश पायलट स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने...

दौसा। दौसा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह राजेश पायलट स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि जिला प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। अनुशासित कदमताल और सजीव परेड ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की। अतिरिक्त जिला कलेक्टर अरविन्द शर्मा ने महामहिम राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया।

 

समारोह के दौरान उस समय भावुक पल देखने को मिला जब प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने मंच पर शहीद वीरांगना के पैर छूकर सम्मान प्रकट किया। इस दृश्य ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य अतिथियों ने शहीद वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके बलिदान को नमन किया।

 

मुख्य कार्यक्रम में व्यायाम प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने देशभक्ति का संदेश दिया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि का उद्बोधन हुआ, जिसमें उन्होंने संविधान और लोकतंत्र के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में अन्य स्थानों पर भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर निवास पर सुबह 8 बजे और कलक्ट्रेट कार्यालय भवन पर सुबह 8.30 बजे जिला कलेक्टर देवेन्द्र कुमार ने ध्वजारोहण किया। इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी सागर राणा ने तिरंगा फहराया। शहीद स्मारक पर पूर्व सैनिकों ने झंडारोहण कर राष्ट्रीय पर्व मनाया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि संविधान देश को दिशा देने वाला मार्गदर्शक है और भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकार देता है, वहीं कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती पर विश्वास जताते हुए कहा कि देश में संविधान सुरक्षित है और लोकतांत्रिक परंपराएं सुदृढ़ हैं। साथ ही उन्होंने दौसा के तेजी से हो रहे औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से देखने को मिलेंगे।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!