चित्तौड़गढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह: स्कूली बच्चों ने सुनाई झांसी की रानी की वीरगाथा, मार्च पास्ट से दिखा अनुशासन

Edited By Anil Jangid, Updated: 26 Jan, 2026 04:35 PM

republic day celebrated with enthusiasm in chittorgarh

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्टेडियम को आकर्षक...

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्टेडियम को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और बड़ी संख्या में आम नागरिक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और स्कूली बच्चे मौजूद रहे। तिरंगा पूरे सम्मान और गौरव के साथ फहराया गया।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9.05 बजे समारोह की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री गौतम दक ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड और मार्च पास्ट के दौरान अनुशासन, एकता और देशसेवा का संदेश साफ तौर पर नजर आया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रभा गौतम ने महामहिम राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें संविधान, लोकतंत्र और नागरिक कर्तव्यों की महत्ता पर विशेष जोर दिया गया।

 

समारोह के दौरान स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। संस्कार द स्कूल के बच्चों ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। इसमें अंग्रेजों के खिलाफ उनके संघर्ष, साहस और देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदान को सरल लेकिन प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा गया। प्रस्तुति को देखकर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

 

वहीं पीएम श्री स्टेशन गर्ल्स स्कूल की बालिकाओं ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रस्तुति देकर समाज में महिलाओं की भूमिका, शक्ति और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा में सोचने की प्रेरणा भी दी।

 

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 96 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अलग-अलग विभागों की झांकियां भी प्रदर्शित की गईं। झांकियों में शिक्षा और कृषि विभाग की झांकी को प्रथम स्थान मिला, महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी को द्वितीय और चिकित्सा विभाग की झांकी को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रेणी में संस्कार द स्कूल प्रथम और पीएम श्री महात्मा गांधी स्टेशन स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा।

 

इस अवसर पर सांसद सीपी जोशी, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरा आयोजन देशभक्ति, एकता और संविधान के प्रति सम्मान का संदेश देकर संपन्न हुआ।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!