बिजोलिया में मानवता का महाकुंभ: बाबा साहेब की जयंती पर 424 यूनिट रक्तदान, युवाओं ने रचा इतिहास

Edited By Kuldeep Kundara, Updated: 09 Apr, 2026 06:29 PM

he grand confluence of humanity in bijolia

बिजोलिया (भीलवाड़ा)। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी द्वारा 'रक्तदान जागरूकता पखवाड़ा' के तहत बुधवार को राजभवानी वाटिका में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

बिजोलिया (भीलवाड़ा)। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी द्वारा 'रक्तदान जागरूकता पखवाड़ा' के तहत बुधवार को राजभवानी वाटिका में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाते हुए 424 यूनिट रक्तदान कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।

मुख्य अतिथि का संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री रामलाल जाट रहे। उन्होंने प्रत्येक बेड पर जाकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट किए। अपने संबोधन में जाट ने कहा- "रक्त का कोई विकल्प नहीं है और आपके द्वारा दान की गई एक यूनिट किसी परिवार का चिराग बुझने से बचा सकती है। विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी द्वारा बाबा साहेब की स्मृति में किया गया यह आयोजन सच्ची श्रद्धांजलि है। युवाओं का यह जोश बताता है कि बिजोलिया की धरा सेवा कार्यों में सदैव अग्रणी रहती है।"

सोसायटी अध्यक्ष का वक्तव्य
विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष ओम नरानीवाल ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि सोसायटी का लक्ष्य जिले के ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को दूर करना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान का संकल्प लें ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में किसी की जान न जाए।

प्रधुम्न सिंह का संबोधन
विशिष्ट अतिथि प्रधुम्न सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की मदद करना ही बाबा साहेब के सपनों को साकार करना है। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से आपसी सद्भाव और भाईचारा बढ़ता है।

संचालन एवं आभार
सोसायटी के सचिव शंकर लाल गाडरी ने बताया कि प्रातः 8:15 बजे से ही राजभवानी वाटिका में रक्तदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। जाट के आगमन से कार्यकर्ताओं में भारी ऊर्जा का संचार हुआ। गाडरी ने अंत में सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम और क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि पखवाड़े के तहत आगामी दिनों में भी जागरूकता अभियान जारी रहेंगे। इस दौरान क्षेत्र के पूर्व प्रधान कैलाश मीना, प्रधान जीतू मूंदडा, प्रधुम्न सिंह अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में युवा उपस्थित रहे। 

 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!