बारां के मोहित हाड़ा का कमाल, 26 घंटे की लगातार दौड़ से एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम

Edited By Anil Jangid, Updated: 26 Jan, 2026 01:46 PM

baran mohit hada creates history with 26 hour continuous run

बारां। राजस्थान के बारां जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब शहर निवासी युवक मोहित हाड़ा ने लगातार 26 घंटे तक दौड़ लगाकर एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया। इस अद्भुत उपलब्धि के दौरान मोहित ने करीब 180 किलोमीटर की दूरी तय की। उनकी इस...

बारां। राजस्थान के बारां जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब शहर निवासी युवक मोहित हाड़ा ने लगातार 26 घंटे तक दौड़ लगाकर एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया। इस अद्भुत उपलब्धि के दौरान मोहित ने करीब 180 किलोमीटर की दूरी तय की। उनकी इस सफलता ने न केवल बारां, बल्कि पूरे राजस्थान और देश का नाम रोशन किया है।

 

मोहित हाड़ा ने यह ऐतिहासिक दौड़ देश के जवानों और किसानों को समर्पित की। उन्होंने 25 जनवरी की सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर शहर के खेल संकुल मैदान से दौड़ की शुरुआत की। लगातार 26 घंटे तक बिना रुके उसी ट्रैक पर दौड़ते हुए उन्होंने 26 जनवरी की सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर अपनी दौड़ पूरी की। जैसे ही मोहित ने दौड़ पूरी की, पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

 

इस उपलब्धि के साक्षी बने जिला कलेक्टर रोहिताश सिंह तोमर और विधायक राधेश्याम बैरवा ने मोहित हाड़ा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से उन्हें आधिकारिक प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि डॉ. भानुप्रताप सिंह, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

 

मोहित हाड़ा ने बताया कि यह दौड़ शारीरिक से अधिक मानसिक मजबूती की परीक्षा थी। उन्होंने कहा कि कई बार शरीर जवाब देने लगता है, लेकिन मन को मजबूत रखकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित किया जाए, तो असंभव भी संभव हो जाता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, प्रशिक्षकों और दोस्तों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।

 

प्रशासनिक अधिकारियों और खेल विशेषज्ञों ने मोहित की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। उनका कहना है कि मोहित ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े रिकॉर्ड बनाए जा सकते हैं। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को खेलों की ओर प्रेरित करेगी और देश में फिटनेस व खेल संस्कृति को बढ़ावा देगी।

 

मोहित हाड़ा की इस ऐतिहासिक दौड़ के बाद बारां जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय युवाओं में जोश देखने को मिल रहा है और वे मोहित को अपना आदर्श मानकर आगे बढ़ने की प्रेरणा ले रहे हैं।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!