सीएम युवा संबल योजना में नई शर्त बनी बाधा, इंटर्नशिप बिना नहीं मिलेगा बेरोजगारी भत्ता

Edited By Anil Jangid, Updated: 24 Feb, 2026 04:16 PM

cm yuva sambal scheme internship now mandatory for unemployment allowance

बांसवाड़ा: राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को दिया जाने वाला भत्ता अब नई शर्तों के कारण कई अभ्यर्थियों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। बांसवाड़ा जिले में कुल 5073 बेरोजगार पंजीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल करीब 3400...

बांसवाड़ा: राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को दिया जाने वाला भत्ता अब नई शर्तों के कारण कई अभ्यर्थियों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। बांसवाड़ा जिले में कुल 5073 बेरोजगार पंजीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल करीब 3400 ही भत्ता प्राप्त कर पा रहे हैं। शेष युवा इंटर्नशिप की अनिवार्यता के कारण योजना से वंचित हैं।

 

यह योजना वर्ष 2012 में शुरू की गई थी, जिसे 2019 में संशोधित कर मुख्यमंत्री युवा संबल योजना नाम दिया गया। संशोधन के दौरान भत्ता राशि बढ़ाई गई, लेकिन साथ ही इंटर्नशिप की अनिवार्य शर्त भी जोड़ दी गई। योजना के तहत अधिकतम दो वर्ष या 30 वर्ष की आयु तक भत्ता दिया जाता है।

 

प्रतिदिन चार घंटे की अनिवार्यता

योजना के अनुसार भत्ता प्राप्त करने के लिए युवाओं को प्रतिदिन लगभग चार घंटे संबंधित विभाग में इंटर्नशिप करनी होती है। साथ ही विभाग से उपस्थिति प्रमाण-पत्र देना अनिवार्य है। कई अभ्यर्थी नियमित रूप से इंटर्नशिप के लिए उपस्थित नहीं हो पाते, जिसके कारण वे भत्ते से वंचित रह जाते हैं। वर्तमान में पुरुष अभ्यर्थियों को 4,000 रुपए और महिला अभ्यर्थियों को 4,500 रुपए प्रतिमाह दिए जा रहे हैं।

 

कम भत्ता, ज्यादा खर्च

कई युवाओं का कहना है कि भत्ता राशि अपेक्षाकृत कम है। विभाग तक आने-जाने में ही आधी राशि खर्च हो जाती है। वहीं, अन्य कार्यों में अस्थायी रोजगार से अधिक आय मिलने के कारण कई युवा योजना में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।

 

जिला रोजगार अधिकारी केआर मेघवाल ने बताया कि विभाग की कोशिश रहती है कि सभी पात्र युवा इंटर्नशिप करें और योजना का लाभ उठाएं। योग्यतानुसार विभाग आवंटित किए जाते हैं, लेकिन कुछ विद्यार्थी व्यक्तिगत कारणों से ज्वॉइन नहीं करते।

 

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इंटर्नशिप की अनिवार्यता युवाओं को सशक्त बना रही है या फिर बेरोजगारी भत्ते तक पहुंच में बाधा बन रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!