Edited By Anil Jangid, Updated: 28 Feb, 2026 01:23 PM

अजमेर: नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर में आयोजित एक कार्यक्रम में राजस्थान को 16,686 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार प्रदेश को विकास के नए पथ पर...
अजमेर: नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर में आयोजित एक कार्यक्रम में राजस्थान को 16,686 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार प्रदेश को विकास के नए पथ पर आगे बढ़ा रही है और किए गए वादों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। प्रधानमंत्री ने इसे प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पहले भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की खबरें आती थीं, लेकिन अब दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है।
प्रधानमंत्री ने अजमेर से देशव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की भी शुरुआत की। उन्होंने इसे बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब मां स्वस्थ होती है तो पूरा परिवार मजबूत रहता है, इसी सोच के साथ अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी कांग्रेस ‘आईएनसी’ यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी, लेकिन अब वह ‘एमएमसी’ बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार चुनावी हार से हताश होकर देश को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की सेना और राष्ट्रीय हितों को कमजोर करने की प्रवृत्ति कांग्रेस की पुरानी आदत रही है।
प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों और वन रैंक वन पेंशन (OROP) के लागू होने का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए सेना की वीरता को सराहा।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने राजस्थान में बेहतर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर संपर्क से पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि राजस्थान की धूप अब आम नागरिक की बचत और आय का माध्यम बन सकती है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि विकसित राजस्थान, विकसित भारत की दिशा में अहम कदम है और चल रही परियोजनाएं प्रदेश की समृद्धि को नई मजबूती देंगी।